नई दिल्ली,
दिल्ली में विधानसभा चुनाव के बीच आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। आम आदमी पार्टी के रोहिणी से पार्षद का चुनाव लड़ चुके कुलदीप मित्तल भाजपा में शामिल हो गए हैं। रोहिणी सीट से भाजपा के उम्मीदवार विजेंद्र गुप्ता और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने दिल्ली बीजेपी कार्यालय में पटका पहनाकर उन्हें पार्टी में शामिल किया।
विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि कुलदीप मित्तल वो शख्स हैं जिन्होंने केजरीवाल के शराब घोटाले में 10 लाख की जमानत दी थी। आज भाजपा में शामिल होने के बाद मित्तल ने कहा, आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार में डूबी है और उनके नेताओं पर उनके कार्यकर्ताओं व अन्य नेताओं का भरोसा टूट रहा है। अब आप खुद समझ सकते हैं कि, जमानत देने वाले भी अब केजरीवाल पर विश्वास नहीं कर रहे हैं।
कुलदीप रोहिणी क्षेत्र से विधानसभा चुनाव में टिकट के लिए प्रबल दावेदार भी रहे हैं। इसके अलावा, आबकारी नीति में भ्रष्टाचार के आरोपी केजरीवाल को जेल से बाहर लाने के लिए उन्होंने जमानत भी दे रखी है। भाजपा नेताओं ने उम्मीद जताई कि कुलदीप अपने योगदान से भाजपा को रोहिणी क्षेत्र में मजबूती प्रदान करेंगे।