नोएडा,
नोएडा सहित एनसीआर के निवासियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। फरीदाबाद से नोएडा और राजधानी को जोड़ने वाली आगरा नहर सड़क के चौड़ीकरण का काम जल्द शुरू हो सकता है। इसके लिए हरियाणा और उत्तर प्रदेश सरकार के बीच सोमवार को इस परियोजना को लेकर एक एमओयू साइन किया जाएगा। अधिकारियों का दावा है कि जनवरी 2024 में सड़क के निर्माण कार्य की शुरुआत हो जाएगी। यह परियोजना फरीदाबाद, दिल्ली और नोएडा के बीच यात्रा करने वाले लगभग 50,000 लोगों के लिए राहत लेकर आएगी। फरीदाबाद के ग्रेटर क्षेत्र में स्थित आगरा नहर सड़क लगभग 30 किलोमीटर लंबी है और यह सेक्टर-65 साहूपुरा से कालिंदीकुंज को जोड़ती है।
इस सड़क पर रोजाना लगभग 50,000 लोग आवागमन करते हैं, लेकिन वर्तमान में सड़क दो लेन की है। जिससे जाम की समस्या लगातार बनी रहती है। खासतौर पर कालिंदीकुंज, खेड़ीपुल और पल्ला इलाके में जाम की स्थिति सबसे ज्यादा खराब होती है। पीक ऑवर में पांच मिनट की दूरी तय करने में आधे से एक घंटे का समय लग जाता है। सड़क के चौड़ीकरण से इन समस्याओं में राहत मिलने की उम्मीद है। आगरा नहर सड़क पर चौड़ीकरण का कार्य शुरू करने के लिए उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के साथ समन्वय की आवश्यकता है,
क्योंकि इस सड़क पर मालिकाना हक इसी विभाग का है। एमओयू साइन होने के बाद यूपी सिंचाई विभाग द्वारा सर्वे शुरू किया जाएगा। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं और सड़क के चौड़ीकरण से आने वाले समय में फरीदाबाद और नोएडा के बीच यातायात की स्थिति में सुधार होने की संभावना है।