शक्ति मिलते ही इन्होंने सिर्फ लूटा; सपा के अंदर औरंगजेब की आत्मा
गाजियाबाद।
सीएम योगी ने गाजियाबाद में अखिलेश और राहुल पर निशाना साधा। कहा- यूपी में दो लड़कों की जोड़ी गुमराह करने के लिए आई है। इन्होंने किसी का हित नहीं किया, सिर्फ लूटा है। इन लोगों को जब भी जनता ने शक्ति दी, तब इन्होंने शक्ति का दुरुपयोग किया है, जैसे भस्मासुर ने किया था। सीएम ने कहा- कांग्रेस सरकार रामसेतु तोड़ने का काम कर रही थी। अयोध्या राम मंदिर में बाधक बन रही थी। कश्मीर में आतंकी पनपा रही थी। वही सपा भी उसी के नक्शे कदम पर चल रही थी। गुंडागर्दी, दंगा, अराजकता चरम पर था। सपा तो माफिया के सामने नाक रगड़ती थी। इनके अंदर औरंगजेब की आत्मा घुस चुकी है। ये धर्माचार्यों को माफिया कहते हैं।
योगी ने कहा- हम 2 करोड़ युवाओं को स्मार्टफोन टैबलेट देने जा रहे हैं। ये तकनीकी रूप से सक्षम होंगे तो रोजगार के अवसर पैदा होंगे। जो यूपी देश के विकास में बैरियर माना जाता था, आज वो देश की अर्थव्यवस्था में अग्रणी है। अयोध्या में सपा नेता द्वारा एक गरीब बेटी के दुर्व्यवहार, या कन्नौज का नवाब ब्रांड। ये सभी आज सपा की पहचान बन चुकी है। लेकिन डबल इंजन की सरकार सपा के इस मॉडल को ध्वस्त करने का काम करेगी।
पहले की सरकार में कांवड़ यात्रा के मार्ग में बैरियर लगाते थे। हमने ये बैरियर हटाए। किसी गैंग लीडर की कमाई पर जब आप हमला करेंगे तो वो उग्र हो जाएगा। आज कांग्रेस और सपा को देश, समाज, युवा, आस्था की चिंता नहीं है। इन्हें सिर्फ परिवार की चिंता है। ये सिर्फ जाति में बांटने का काम करेंगे। फिर दंगाइयों को लूटपाट करने की छूट देंगे। जितने भी दरिंदे पकड़े जा रहे हैं, इनके संबंध सपा से ही हैं। यानी सपा इन दरिंदों का एक गैंग बन चुका है। योगी ने कहा- अब हमारी सरकार नई स्कीम ला रही है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी। 10 लाख युवाओं को अगले कुछ वर्षों में पहले चरण में 5 लाख और दूसरे चरण में 10 लाख रुपए का ब्याज मुक्त ऋण देगी। इस योजना को पाने के लिए सारी औपचारिकताएं खत्म की गई हैं। सीएम ने कहा- अगर किसी ने युवा के रास्ते में रोड़ा बनने का प्रयास किया तो सरकार इस बैरियर को हटा देगी। यूपी में अब तक हमने साढ़े 6 लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। यूपी में पहली बार 40 लाख करोड़ रुपए के निवेश के प्रस्ताव आए हैं। इससे डेढ़ करोड़ नौजवानों को सीधे सीधे नौकरी मिलेगी।
आज गाजियाबाद में सुरक्षा का बेहतरीन माहौल है। जनता को बुनियादी सुविधाएं मिल रही हैं। 10 वर्ष पहले जो लोग गाजियाबाद आए, वो आज के गाजियाबाद को पहचान नहीं पाएंगे। देश की पहली रैपिड रेल, मेट्रो सेवा, एयरपोर्ट आपके पास है। गाजियाबाद में एम्स दिल्ली के सेटेलाइट सेंटर की सुविधाएं देने जा रहे हैं। हम इस प्रस्ताव को आगे बढ़ा चुके हैं।सीएम ने कहा- आज गाजियाबाद कितना बदल गया है। आज से पहले जब हम गाजियाबाद आते थे तो यहां की बुरी स्थिति थी। 10 वर्ष पहले यहां गंदगी थी, अराजकता थी, माफियाओं की सरकार चलती थी। आज गाजियाबाद एक स्मार्ट सिटी बन चुका है।
सीएम ने कहा- हमारा युवा किसी से पीछे नहीं है। अब वो भी डिजिटल ताकत के माध्यम से अपनी ताकत का अहसास करा रहा है। पिछले एक महीने में हमने 10 जिलों में ऐसे रोजगार मेले लगाए। युवाओं को सपनों को उड़ान दी। पीएम मोदी के विजन को नई ऊंचाई दी है। मैंने यहां देखा कि युवा उत्साह से स्टॉल पर जाकर अपने लिए अपनी पसंद का रोजगार ढूंढ रहा है। युवाओं को पंख चाहिए, ये डबल इंजन सरकार दे रही है।
अब अपराधी मिल गया तो उसकी खैर नहीं- सुनील शर्मा:
यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने कहा– आज यूपी में एक वातावरण बना है। आज अपराधी ढूंढते रह जाओगे। अगर अपराधी मिल गया तो उसकी खैर नहीं। अपराध का सफाया हुआ, रोजगार का सृजन हुआ। ये पहले सीएम हैं, जिन्होंने जिलों में जा जाकर नौकरियां दी हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस ने कुछ लोगों को मंगलवार देर रात से ही हाउस अरेस्ट कर दिया। समाजवादी युवजन सभा के महानगर अध्यक्ष ठाकुर विक्की सिंह के घर पर पुलिस पहुंच गई और उनके बाहर जाने पर रोक लगा दी गई है। इसी तरह पेरेंट्स एसोसिएशन और कुछ किसान संगठन पदाधिकारियों के घर भी पुलिस पहुंचने की सूचनाएं हैं।