नई दिल्ली।
एक पति ने रोज रोज के झगड़े से तंग आकर पहले अपनी पत्नी की तकिए से हत्या कर दी और जब कुछ देर बाद उसे अपनी गलती का एहसास हुआ तो खुद ही थाने पहुंच गया। मामला दिल्ली के मौर्या एनक्लेव का है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक मंगलवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे मौर्या एंक्लेव थाने में संजय (37) नाम का शख्स थाने पहुंचा और थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों से कहा कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है।
थाना पुलिस ने आला अधिकारियों को मामले की जानकारी दी और संजय को हिरासत में ले लिया। संजय से पूछताछ करने के बाद थाना पुलिस उसके घर 174 वीपी ब्लॉक मौर्या एंक्लेव पहुंची। जहां नीचे के फ्लोर पर संजय का परिवार रहता है, जबकि ऊपरी मंजिल पर वह, पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता है। ऊपरी मंजिल के एक कमरे में उसकी पत्नी मनदीप (32) का शव बिस्तर पर पड़ा था।
संजय ने पुलिस को बताया कि पिछले डेढ़ साल से उसका और उसकी पत्नी का झगड़ा चल रहा था। मंगलवार रात भी झगड़ा शुरू हुआ और बढ़ता चला गया। मनदीप जोर जोर से चिल्ला रही थी। उसे चुप कराने के लिए संजय ने तकिए से उसका मुंह दबा दिया , जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद संजय को बहुत पछतावा हुआ और वो खुद थाने पहुंच गया।
शुरूआती छानबीन में पुलिस को पता चला कि आरोपी संजय चाइनीज भाषा का जानकार है। चाइनीज भाषा की जानकारी होने की वजह से उसने पहले कुछ कंपनियों में नौकरी भी की थी। उसकी शादी 2016 में हुई थी। फिलहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।