नई दिल्ली।
Brutal suicide in Outer Delhi:- बेरोजगारी से तंग पति ने अपनी पत्नी से कुछ दिन अपने गांव जाने के लिए कहा,लेकिन पत्नी ने इंकार कर दिया। उसके बाद गुस्से में पति ने न सिर्फ पत्नी और एक पड़ोसी पर हमला कर दिया, बल्कि स्वयं अपना भी गला रेतकर आत्महत्या कर ली।
मामला बाहरी दिल्ली के मौर्य एनक्लेव थाना क्षेत्र का है। जहां पीतमपुरा के जीपी ब्लॉक निवासी अंताब (27) सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था। उसकी पत्नी सीमा (25) और चार बच्चे भी उसी के साथ यहीं रहते थे। बीते कुछ समय से अंताब बेरोजगार था। उसकी आर्थिक स्थित बहुत ही खराब चल रही थी।
गांव वापस लौटना चाहता था अंताब:
परेशान अंताब अपने गांव वापस जाना चाहता था, लेकिन उसकी पत्नी सीमा बच्चों की पढ़ाई का हवाला देकर गांव जाने से मना कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई।
पत्नी और पड़ोसी पर हमले के बाद खुद का भी रेत लिया गला:
रविवार शाम भी दोनों का झगड़ा इसी बात पर शुरू होकर इतना बढ़ गया कि अंताब ने चाकू से अपनी सीमा पर हमला कर दिया। शोर शराबा सुनकर पड़ोसी राजन सीमा को बचाने पहुंचा , तो अंताब ने उस पर भी हमला बोल दिया। इसी बीच दोनों घायल हो गए। उसके बाद अंताब ने अपने गले पर चाकू रखकर खुद का गला रेत लिया। अंताब की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने अंताब को मृत घोषित कर दिया। सीमा की भी हालत गम्भीर है ,जबकि पड़ोसी राजन को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
इस मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।