अलवर।
सरिस्का से फिर खुशखबर है। बाघिन एसटी-17 ने तीन शावकों को जन्म दिया है। यह बाघिन दूसरी बार मां बनी है। कैमरे में बाघिन के साथ यह शावक ट्रैप हुए हैं। अब सरिस्का टाइगर रिजर्व में टाइगर की संख्या बढक़र 43 पहुंच गई है, इनमें 11 नर बाघ, 14 बाघिन व 18 शावक शामिल हैं।
एसटी-17 की टेरेटरी अकबरपुर रेंज में है। इसकी उम्र करीब 6 साल है। यह एसटी-14 की बेटी है। यह पहली बार फरवरी 2022 में मां बनी थी। उस दौरान दो नर शावकों को जन्म दिया था। यह बाघिन तालाब में देखी गई है। इसके पास तीन शावक कैमरे में नजर आ रहे हैं। शावक की आयु दो से तीन माह बताई जा रही है।
सरिस्का टाइगर रिजर्व में पिछले चार माह में बाघिन एसटी-12 ने चार, बाघिन एसटी-27 ने दो, एसटी-22 ने 4 व एसटी-17 ने 3 शावकों को जन्म दिया। सरिस्का में बढ़ती बाघों की संख्या से सरिस्का प्रशासन खुश नजर आ रहा है। वर्ष 2008 के बाद से बाघों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है।
एसटी-17 ने तीन शावकों को जन्म दिया है। इसकी टेरेटरी अकबरपुर रेंज में है। इन शावकों पर पूरी निगरानी रखी जा रही है।
महेंद्र कुमार शर्मा, उप वन संरक्षक, सरिस्का टाइगर रिजर्व