राष्ट्रपति, पीएम,उपराज्यपाल और सीएम योगी ने जताया दुख, सहायता राशि की घोषणा
अखनूर।
जम्मू के अखनूर के पास हुए बस हादसे में अब तक 22 लोगों के मारे जाने की खबर है। करीब 69 यात्री घायल हो गए। इनमें 57 को जीएमसी जम्मू रेफर किया गया और 12 लोगों का इलाज अखनूर उपजिला अस्पताल में जारी है। घटना पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त किया है और सहायता राशि का ऐलान भी किया है। लेकिन इस घटना में जो सबसे चौकाने वाला तथ्य सामने आया है ,वो बस में सवार यात्रियों की संख्या है। बताया जा रहा है कि 57 सीटर बस में 91 यात्री सवार थे।
बस का पंजीकरण अलीगढ़ का:
सूत्रों की माने तो हादसे वाली बस का नंबर यूपी 86 ईसी 4078 सही नहीं निकला, बस का सही नंबर यूपी 81 सीटी 4058 है। जो अलीगढ़ में पंजीकृत है। एआरटीओ प्रशासन प्रवेश कुमार के अनुसार, बस संख्या यूपी 81 सीटी 4058 डीजल बस 57 सीटर है। संजय गुप्ता निवासी शिव कॉलोनी, नवीपुर कलां, हाथरस के नाम पर बस पंजीकृत है। यह बस आरटीओ विभाग में 08 जुलाई 2016 को पंजीकृत हुई थी। फिटनेस 15 जनवरी 2025 तक की है। इंश्योरेंस 15 फरवरी 2025 तक वैध है। स्टेज कैरिज परमिट 28 अक्तूबर 2026 तक का है। बस 57 सीटर थी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुःख:

इस हादसे को लेकर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि जम्मू के निकट अखनूर में हुई बस दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर सुनकर उन्हें बहुत दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं है। वह घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हैं।
उपराज्यपाल ने की सहायता राशि की घोषणा:

वहीं हादसे पर उपराज्यपाल (एलजी) मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू के अखनूर में हुई बस दुर्घटना हृदय विदारक है। उन्होंने कहा, ‘ मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परजिनों को पांच लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है। साथ ही घायलों के इलाज के लिए पचास हजार रुपये देने की घोषणा की गई।
पीएम मोदी ने जताया दुःख:

बस हादसे को लेकर पीएम मोदी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अखनूर में बस हादसे में लोगों की मौत से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द ठीक हो जाएं। पीएम मोदी ने ऐलान किया कि बस दुर्घटना में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 2 लाख रुपये दिए जाएंगे, जबकि घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
सीएम योगी में भी सहायता राशि की घोषणा:

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी शोक संवेदना प्रकट की और मुआवजे का ऐलान किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सीएम की ओर से हादसे में गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की मदद की घोषणा की गई है। सीएम के निर्देश पर मथुरा, अलीगढ़ और हाथरस की पुलिस व प्रशासन की टीम राहत कार्यों की निगरानी के लिए जम्मू रवाना हो गईं है।
सीएम योगी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लिखा कि “जम्मू-कश्मीर में एक दुर्भाग्यपूर्ण बस दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है. इस दुर्घटना में अपने आत्मीय जनों को खोने वाले शोक संतप्त लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर के अधिकारियों से निरंतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”
ये भी पढ़ें:- जम्मू-कश्मीर में बड़ा हादसा- खाई में गिरी बस, 22 मौतें 69 घायल
बस हादसे के 22 मृतकों की पहचान:
बस हादसे में मारे गए 22 मृतकों की पहचान की जा चुकी है। अखनूर उप जिला अस्पताल के अनुसार इनकी पहचान लक्ष्मण प्रसाद निवासी नया गांव मथुरा, रुद्रा सुपुत्र लक्ष्मण प्रसाद निवासी नया गांव मथुरा, अनामिका पत्नी लक्ष्मण प्रसाद निवासी नया गांव मथुरा, नैना उर्फ नैंसी सुपुत्री लक्ष्मण प्रसाद निवासी नया गांव मथुरा, सीमा पत्नी समरजीत सिंह निवासी हाथरस, रणवीर सिंह निवासी हाथरस, समरजीत सिंह निवासी हाथरस, सोनू सुपुत्री सुभाष निवासी नया गांव मथुरा, संजय सिंह सपुत्र सुंदर सिंह निवासी नया गांव मथुरा, रेनू पत्नी जगबीर सिंह निवासी हाथरस, तनुज सुपुत्र संजय सिंह निवासी नया गांव मथुरा, सुरेश निवासी नया गांव मथुरा, धर्मावती पत्नी राधेश्याम निवासी हाथरस, प्राची सुपुत्री जितेंद्र निवासी हाथरस, जयप्रकाश सुपुत्र भूरी सिंह निवासी नया गांव, सतवीर बस का परिचालक, राधा पत्नी रविंदर, वीरपाल सुपुत्र प्रभु सिंह निवासी हाथरस, राहुल सुपुत्र लटूरी सिंह निवासी हाथरस, सुनीता पत्नी भगवान सिंह निवासी नया गांव, यश सुपुत्र विजय सिंह निवासी हाथरस, रज्जो पत्नी राज कुमार निवासी हाथरस के रूप में हुई।