पंचकूला/चंडीगढ़,
हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली
और सिंगर रॉकी मित्तल के खिलाफ रेप का केस दर्ज
किया गया है।
ये केस हिमाचल के कसौली पुलिस थाना में 13 दिसंबर 2024 को दर्ज हुआ था। महिला का आरोप है कि उसके साथ कसौली के होटल में जबरन शराब पिलाकर रेप किया गया।
इसके लिए रॉकी मित्तल ने उसे अपनी एल्बम में एक्ट्रेस बनाने और बड़ौली ने सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। रेप के बाद उसे डरा-धमकाकर कमरे से बाहर निकाल दिया। उसकी अश्लील फोटो और वीडियो भी।बनाई गईं। इसके बाद पंचकूला में उसे केस में फंसाने की कोशिश की गई।
वहीं इस मामले में कसौली थाने के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर धनवीर सिंह ने कहा कि इस केस की जांच की जा रही है। पीड़ित महिला विवाहित है। हालांकि इस मामले में उसने मेडिकल करवाने से मना कर दिया है।
वहीं मोहन लाल बड़ौली ने खुद पर लगे आरोपों को
राजनीतिक स्टंट बताया। उन्होंने कहा पूरा मामला झूठा है। इसका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं है। मीडिया को भी इस झूठे मामले को तूल नहीं देना चाहिए। बता दें कि कुछ ही महीने में बड़ौली को दूसरी
बार प्रदेश अध्यक्ष घोषित करने की तैयारी थी। वहीं यह मामला राजनीतिक तौर पर भी गर्माने लगा है क्योंकि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार है।
हरियाणा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली को भाजपा दूसरी बार प्रदेशाध्यक्ष बनाना चाहती है।।हालांकि रेप के आरोपों के बाद बड़ोली की राह आसान नहीं होगी। पार्टी ने लगभग बड़ौली को दूसरी बार मौका देने का मन बना लिया था। हरियाणा विधानसभा चुनाव में बड़ौली और नायब सैनी की जोड़ी हिट रही और इन्होंने भाजपा को हरियाणा ऐतिहासिक जीत दिलाई।
बड़ौली ने विधानसभा चुनाव में राई सीट से अपनी
दावेदारी भी छोड़ी थी। इसके अलावा राज्यसभा सांसद की दौड़ में भी बड़ौली का नाम सामने आया था, मगर पार्टी ने रेखा शर्मा को आगे कर दिया।