नई दिल्ली।
देश की राजधानी दिल्ली में डेंगू का कहर बढ़ता ही जा रहा है। इस साल में अब तक हजारों लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। इसी महीने अक्टूबर के तीन हफ्तों में डेंगू के 1450 मामले सामने आ चुके हैं। जिसमे पहले हफ्ते में 485 दूसरे हफ्ते में 470 और तीसरे हफ्ते में 495 मामलों की पुष्टि की गई है। वहीं अगर बात करें साल भर की तो अब तक जहां इस साल डेंगू के 3085 मामले दर्ज किए गए हैं तो वहीं मलेरिया के 630 और चिकनगुनिया के 100 मामले सामने आए है।
दिल्ली नगर निगम के अभिलेख के अनुसार इस साल डेंगू से तीन लोगों की मौत हुई है। पूर्वी दिल्ली स्थित निगम के सबसे बड़े अस्पताल स्वामी दयानंद अस्पताल के सीएमओ डॉ. ग्लैडबिन त्यागी ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि अगस्त और सितंबर में बारिश ज्यादा होने के कारण डेंगू के मामलों के बढ़ने की आशंका थी। उसी के अनुसार मामले बढ़ रहे हैं। अस्पतालों में सबसे ज्यादा बुखार के मरीज पहुंच रहे हैं। लेकिन, इनमें से 15 से 20 प्रतिशत लोगों में डेंगू की पुष्टि हो रही है।हालांकि, बहुत कम ही मरीजों को भर्ती करने की जरूरत पड़ रही है।
डॉ. त्यागी ने कहा कि अभी तक अस्पताल में डेंगू के मरीजों के लिए ज्यादा बेड रिजर्व करने की जरूरत नहीं पड़ी है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में डेंगू के मरीजों की जरूरत के अनुसार ब्लड बैंक में ब्लड, प्लेटलेट्स और सभी आवश्यक दवाइयों की पूरी व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि अभी अस्पताल में डेंगू के चार से पांच मरीज ही भर्ती हैं। इन मरीजों को भी प्लेटलेट्स चढ़ाने की जरूरत नहीं पड़ी है। इनमें से अधिकतर मरीजों की प्लेटलेट्स 40 से 50 हजार तक रह गई। उनको दवाईयों और तरल पदार्थ देकर ठीक किया जा रहा है।
डॉ. त्यागी के मुताबिक प्लेटलेट्स कम होने पर जल्दी से प्लेटलेट्स चढ़ाकर मरीज का इलाज करना सही तरीका नहीं है। प्लेटलेट्स बहुत क्रिटिकल कंडीशन में ही चढ़ाई जाती है। अधिकतर मरीजों को दवाईयों से ही ठीक कर दिया जाता है। इसी तरह निगम के दूसरे बड़े अस्पताल हिंदू राव में भी डेंगू के मरीजों के लिए प्लेटलेट्स और ब्लड की पर्याप्त व्यवस्था बताई गई। मेडिसिन विभाग के डॉक्टर अक्षय ने बताया कि अभी अस्पताल में डेंगू के बहुत ज्यादा मरीज भर्ती होने के लिए नहीं आ रहे हैं। स्थिति नियंत्रण में है। मरीजों के लिए प्लेटलेट्स की भी अभी जरूरत नहीं पड़ रही है। इसी तरह दिल्ली के सबसे बड़े अस्पताल लोकनायक में भी डेंगू के कम ही मरीज पहुंच रहे हैं।
दिल्ली में इस महीने डेंगू के इतने मरीज:
पहले सप्ताह 485 मरीज
दूसरे सप्ताह 470 मरीज
तीसरे सप्ताह 495 मरीज