-इसी इलाके में लेपर्ड और टाइगर भी, पहले कर चुके सूअर-सांभर का शिकार
अलवर,
टाइगर रिजर्व फॉरेस्ट सरिस्का के बफर जोन में करंट लगा कर शिकार करने वाले सिराबास के पास मीना की ढाणी के 2 शिकारियों को गिरफ्तार किया है। जिन्होंने बफर जोन वाले एरिया में तार लगाकर करंट लगाया हुआ था। रात करीब 12 बजे करंट लगाया। वन विभाग की टीम ने रात करीब ढाई बजे मौके पर पहुंचकर करंट व तार को हटाया। इसके बाद सिरावास में मीना की ढाणी के दो युवकों को गिरफ्तार किया। जिनको शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया।
रेंजर शंकर सिंह ने बताया कि 16 अक्टूबर की रात को सिराबास में बफर जोन के जंगल के पास खेत में तार लगा कर करंट छोडऩे की सूचना मिली थी। पता लगा था कि कुछ युवक जंगली सूअर व सांभर शिकार करने आए हैं। जिन्होंने खेत में तार लगा करंट छोड़ रखा है। इसके बाद मौके पर पहुंचे। करंट वाले तारे हटाए गए। बाद में सिरावास में मीना की ढाणी निवासी राजेंद्र मीणा व दिनेश मीणा को अरेस्ट कर लिया।
सिरावास सिलीसेढ़ के पास लगता है।
यह बफर जोन में टाइगर की टेरिटरी से अधिक दूर नहीं है। इस क्षेत्र में लेपर्ड भी खूब हैं। बफर जोन में 7 टाइगर हैं। तीन शावक भी हैं। इस तरह करंट लगाकर शिकार करने वाले लेपर्ड व टाइगर के लिए भी खतरा हैं। पकड़े गए आरोपियों ने इतना स्वीकार किया है कि आसपास के लोग पहले भी शिकार कर चुके हैं। अब इस मामले में वन विभाग की टीम जांच में लगी हैं।