बरेली।
Psycho killer in bareli:- उसका बचपन बहुत खराब बीता। उसकी सौतेली मां ने उसपर इतना जुल्म किया कि बड़ा होते होते उसे महिलाओं ने बेइंतहा नफरत हो गई। नतीजतन उसने एक एक करके 11 महिलाओं का कत्ल कर डाला। शहर के अलग अलग हिस्सों में एक ही तरीके से किए कत्ल की फेहरिस्त देख पुलिस ने छानबीन शुरू की और उसे ‘ऑपरेशन तलाश’ का नाम दिया।
कहानी किसी फिल्म की नहीं , बल्कि ये मामला हकीकत में उत्तरप्रदेश के बरेली स्थित शाहीगढ़ थाना क्षेत्र का है। यहां एक साल में सिलसिलेवार तरीके से 11 महिलाओं की हत्या एक ही पैटर्न से उनकी साड़ी या दुपट्टे से गला घोंटकर की गई थी। ये मामले पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए थे। महिलाओं की लगभग एक ही तरीके से लगातार हो रही हत्याओं के बाद ऑपरेशन तलाश शुरू किया गया। शाही कस्बे से आगे करीब 25 किमी दूरी तक कई नाके और करीब 1500 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। चार सिपाहियों और सटीक मुखबिर तंत्र के दम पर पुलिस ने साइको किलर को गिरफ्तार कर लिया है। इसकी पहचान कुलदीप के रूप में हुई है।
एसएसपी अनुराग आर्य के मुताबिक बरेली में छह महिलाओं की हत्या के मामले में गिरफ्तार साइको किलर कुलदीप को जेल भेज दिया गया है। एसएसपी पुलिस अब आरोपी को अभिरक्षा में लेने के लिए कोर्ट में अर्जी लगाएगी। रिमांड मिलने पर पूछताछ में उससे दूसरी घटनाओं के बारे में भी जानकारी की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने छह महिलाओं की हत्या की बात कबूल की है। आरोपी कुलदीप मनोरोगी है, जो कभी सामान्य तो कभी हिंसक व्यवहार करता है। कुलदीप ने पुलिस को बताया है कि बचपन मे उसकी सौतेली मां ने उसे बहुत परेशान किया ,जिससे उसे महिलाओं से नफरत हो गई।