नई दिल्ली।
Online fraud with doctor in South Delhi :- एक महिला से ऑनलाइन दोस्ती एक डॉक्टर को इस कदर भारी पड़ी कि डॉक्टर साहब एक बड़ी ठगी का शिकार हो गए। ब्यूटी और लालच के इस चस्के से जब तक डॉक्टर साहब बाहर आते , तब तक 50 लाख रुपए की रकम गंवा चुके थे। जब शुरूर से बाहर आए तो पुलिस की मदद मांगी है।
मामला राजधानी दिल्ली दक्षिण इलाके का है,जहां कुछ समय पहले एक डॉक्टर की ऑनलाइन एक महिला से दोस्ती हो गई। दोनों की बातें शुरू हुईं और दोस्ती गहराती चली गई। हालांकि डॉक्टर की महिला से कभी मुलाकात तक नहीं हुई। एक दिन महिला मित्र ने डॉक्टर को एक वेबसाइट की जानकारी देते हुए बताया कि ये वेबसाइट विदेशी मुद्राओं में निवेश करवाती है और अच्छा मुनाफा देती है।
डॉक्टर ने महिला मित्र के कहने पर पहले छोटा निवेश किया । थोड़ा मुनाफा देखकर फिर 40 हज़ार का निवेश किया। कुछ दिन बाद कुछ और मुनाफा मिला और फिर 70 हज़ार का निवेश किया। निवेश और मुनाफे के बीच का ये खेल कुछ दिन तक चला। मार्च से मई तक के महीने में डॉक्टर लगभग 24 लाख निवेश कर चुका था।
उसके बाद अचानक उसे सूचित किया गया कि उसने 80 लाख का फायदा कमाया है। डॉक्टर ने जब रकम निकालनी चाही तो उसे 16.4 लाख बतौर टैक्स भरने को कहा गया। जब टैक्स भरने पर भी डॉक्टर के हाथ कुछ न लगा , तो उसे शक हुआ। तब तक डॉक्टर 50 लाख के लगभग रकम गंवा चुका था। डॉक्टर की महिला मित्र भी गायब हो चुकी थी। डॉक्टर ने तत्काल पुलिस से शिकायत की और पूरी घटना की जानकारी दी।
फिलहाल डॉक्टर की शिकायत पर दक्षिण जिला के साइबर सेल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।