वतन केसरी डेस्क।
मालदीव पुलिस ने गुरुवार को राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू पर काला जादू करने के आरोप में दो मंत्रियों को गिरफ्तार किया है। वहां की स्थानीय मीडिया रिपोर्टस के अनुसार इस मामले में पर्यावरण मंत्रालय में राज्य मंत्री शमनाज सलीम, शमनाज के पूर्व पति और राष्ट्रपति कार्यालय में मंत्री के रूप में कार्यरत एडम रमीज के अलावा दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शमनाज को रविवार को दो अन्य व्यक्तियों के साथ गिरफ्तार किया गया था। तीनों को सात दिनों की हिरासत में भेज दिया गया है। जिसके बाद पर्यावरण मंत्रालय के अनुसार बुधवार को उन्हें उनके पद से निलंबित कर दिया गया था।
मीडिया रिपोर्ट्स में ‘काला जादू’ की चर्चा:
मालदीव स्थित सन ने उन रिपोर्टों का हवाला दिया है कि शमनाज़ को राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू पर ‘काला जादू’ करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। अधाधू के मुताबिक, उन्हें मालदीव के राष्ट्रपति के करीब आने के लिए जादू-टोना करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, मालदीव सरकार ने अभी तक मामले पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
जादू-टोना हराम है यहां:
बता दें कि मालदीव में काले जादू को फंदिता या सिहुरु नाम से जाना जाता है। इस्लामिक कानूनों में इसे हराम कहा गया है और काला जादू करने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाता है। हालाँकि बताया ये जा रहा है कि मालदीव में काला-जादू जैसी चीजों की जड़ें काफी गहरी हैं।