हरियाणा।
हरियाणा के कुंडली मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी एक बस में भीषण आग लग गई। इस हादसे में आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बस में सवार सभी लोग पंजाब और चंडीगढ़ के रहने वाले हैं। ये लोग मथुरा से दर्शन करके लौट रहे थे। घटना में कई लोग घायल हैं , जिनका उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी है। बस मथुरा से जालंधर जा रही थी।
घटना रात 2 बजे की है। आग की लपटों को देख आसपास के गांववाले भागे-भागे एक्सप्रेसवे पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बस पर पानी डालना शुरू किया। लेकिन आग की लपटें तेज थीं। फिर गांववालों ने बस की खिड़कियां तोड़कर लोगों को निकालना शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम और फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बस की खिड़कियां तोड़कर घायलों को निकाला गया। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, हादसे की जांच की जाएगी। पहली नजर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है।
बस में थे कुल 60 लोग:
बताया जा रहा है कि बस में मौजूद सभी लोग रिश्तेदार थे। सभी ने मथुरा- वृंदावन दर्शन का प्लान बनाया था। बस में सवार कुल 60 लोग थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।