मुंबई।
अभी कुछ दिनों से देश में एक गैंगस्टर काफी सुर्खियों में है। ये वही गैंगस्टर है जिसको महाराष्ट्र के विधायक और बॉलीवुड पर राज करने वाले बाबा सिद्दीकी की हत्या का कथित तौर पर मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। ये गैंगस्टर और कोई नहीं बल्कि लॉरेंस बिश्नोई है। अभी ये साबरमती जेल में बंद है। इसी को लेकर अभी हाल ही में एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। दरअसल महाराष्ट्र की एक राजनीतिक पार्टी की तरफ से लॉरेंस को चुनावी टिकट का ऑफर दिया गया है और इस पार्टी का नाम उत्तर भारतीय विकास सेना(UBVS) है, जिसके मुखिया सुनील शुक्ला हैं।
पार्टी प्रमुख ने लॉरेंस से किया चुनाव लड़ने का निवेदन

पार्टी प्रमुख सुनील शुक्ला ने लॉरेंस बिश्नोई को एक पत्र लिखा था। जिसमे उन्होंने लॉरेंस से पार्टी विधायक के उम्मीदवार के तौर पर महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लड़ने का निवेदन करते हुए कहा कि “हम आप में शहीद भगत सिंह को देखते हैं। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड और पांच अन्य उत्तर भारतीय राज्यों से आने वाले उत्तर भारतीय, जो महाराष्ट्र में पैदा हुए और पले-बढ़े हैं, जो ओबीसी, एससी और एसटी हैं, उन्हें आरक्षण से केवल इस कारण वंचित रखा गया है क्योंकि उनके पूर्वज उत्तर भारतीय थे।”
हमें गर्व है कि आप पंजाब में जन्मे उत्तर भारतीय हैं और हम उत्तर भारतीय विकास सेना के नाम से एक राष्ट्रीय और महाराष्ट्र राज्य पंजीकृत एक राजनीतिक दल हैं, जो भारत में उत्तर भारतीयों के अधिकारों के लिए काम कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा ‘अगर भारत एक इकाई है तो हम इस अधिकार से वंचित क्यों हैं? हम आपको महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लड़ने का प्रस्ताव देते हैं। उत्तर भारतीय विकास सेना के कार्यकर्ता और पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि आप शानदार प्रदर्शन के साथ चुनाव जीतें और अपने समाज का उद्धार करें। हमें आपकी हां की प्रतीक्षा है।’