नई दिल्ली।
राजधानी दिल्ली में दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (डीटीसी) विभाग को लेकर एक नया मामला सामने आया है। दरअसल डीटीसी विभाग के कर्मचारियों ने बुधवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आईपी डिपो स्थित डीटीसी मुख्यालय पर प्रदर्शन करने का फैसला लिया है। यह प्रदर्शन सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगा। जिसमें बस चालक-परिचालक व अन्य कर्मचारी शामिल होंगे। इसके चलते डीटीसी बसों का संचालन प्रभावित हो सकता है, जिसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ेगा। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
डीटीसी कर्मचारी एकता यूनियन के एक पदाधिकारी ने कहा कि यूनियन अपनी मांगों को लेकर डीटीसी मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन करेगी और एमडी एवं दिल्ली सरकार को ज्ञापन सौंपा जाएगा। अगर इसके बाद भी कर्मचारियों के उज्जवल भविष्य के लिए ठोस कदम नहीं उठाया, आने वाले समय में कर्मचारी बड़े आंदोलन की तैयारी करेंगे।इसकी सारी जिम्मेदारी दिल्ली सरकार एवं दिल्ली परिवहन निगम की होगी।
उन्होंने आगे बताया, प्रदर्शन के चलते दिल्ली में बसों का संचालन प्रभावित हो सकता है, हालांकि कर्मचारियों से यह भी कहा गया है कि वह ड्यूटी पूरी करने के बाद ही प्रदर्शन में शामिल हों. लेकिन, कर्मचारियों में आक्रोश है। इसके चलते यात्रियों को बस स्टैंड्स पर लंबा इंतजार करना पड़ सकता है और लोग समय से अपने गंतव्य पर नहीं पहुंच पाएंगे.
डीटीसी कर्मचारियों की ये हैं मांगें:
- निजीकरण पर रोक लगाकर डीटीसी की अपनी बसें खरीदी जाएं।
- चार घंटे पर लगाए गए सभी सफाई कर्मचारियों को आठ घंटे की नौकरी की जाए एवं सभी का पीएफ या ईएसआई चालू किया जाए. साथ ही उनको स्थाई किया जाए।
- अनुकंपा के आधार पर एवं विकलांग कोटे में भर्ती कर्मचारियों के साथ न्याय संगत उन्हें स्थाई किया जाए।
- कांट्रैक्ट कर्मचारियों का भी टीए लागू किया जाए।
- डीटीसी के कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों को स्थाई किया जाए, तब तक के लिए दिल्ली सरकार के ऑर्डर बेसिक, डीए एवं ग्रेड पे लागू किया जाए।