भरतपुर।
बैंक लूटने के मकसद से दो नकाबपोश पीएनबी की शाखा में घुसे। उन्होंने मैनेजर पर पिस्तौल तान दी। इस दौरान डिप्टी मैनेजर ने सायरन बजा दिया तो आरोपी घबरा गए। भीड़ देख भागने की कोशिश की। एक बदमाश को ग्रामीणों की मदद से स्टाफ ने दबोच लिया। दूसरा बाइक छोडक़र फरार हो गया। घटना शनिवार दोपहर 3.30 बजे भरतपुर के भुसावर कस्बे के गांव बाछरैन में हुई।
भुसावर थाना इंचार्ज सुनील कुमार गुप्ता ने बताया: वारदात के बाद लोगों ने सूचना पुलिस को दी। एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी से जानकारी मिली कि दोनों बदमाश पीएनबी की इस शाखा की पिछले तीन दिन से रेकी कर रहे थे।पूरी प्लानिंग के बाद शनिवार को हथियारों के साथ दोनों आरोपी बैंक में घुसे। बैंक मैनेजर रोहिताश मीणा और डिप्टी मैनेजर विनोद सिंह की कनपटी पर उन्होंने पिस्तौल तान दी और लूट की कोशिश की। इस दौरान डिप्टी मैनेजर विनोद सिंह ने सायरन का बटन दबा दिया।
सायरन की आवाज सुनकर पड़ोसी संदीप और सुखबीर समेत कई ग्रामीण मौके पर आ गए। सायरन से घबराए बदमाश भागने लगे। एक बदमाश ग्रामीणों और बैंक कर्मियों के हत्थे चढ़ गया। दूसरा बदमाश बाइक छोडक़र भाग गया।
सूचना पर थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाश को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इससे पहले भी इसी बैंक की दीवार तोडक़र चोरी का प्रयास किया गया था।