4 दिन पहले दी थी कुचलने की धमकी
भरतपुर।
डीग के कुम्हेर में घर के बाहर खेल रहे तीन चचेरे भाइयों पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। घटना में एक बच्चे की मौत और दो गंभीर घायल हो गए। आरोपी ड्राइवर ट्रैक्टर को छोडक़र फरार हो गया। बच्चे की मौत से गुस्साए परिजन मॉच्र्युरी के बाहर धरने पर बैठ गए थे। ट्रैक्टर ड्राइवर ने 25 सितंबर को बच्चों के परिजन को ट्रैक्टर से कुचलने की धमकी दी थी।
कुम्हेर थाना इंचार्ज बनवारी लाल ने बताया- जया गांव निवासी सुगड़ सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि मेरे दो बेटे रोहन (8), कान्हा (12) और छोटे भाई मुकुट सिंह का बेटा नवजीत (10) शनिवार शाम 5 बजे घर के बाहर खेल रहे थे।
इसी दौरान पंकज जाट ने ट्रैक्टर चढ़ाकर बच्चों को कुचल दिया था। तीनों बच्चों को गंभीर हालत में घरवाले पहले कुम्हेर हॉस्पिटल ले गए। जहां से डॉक्टरों ने आरबीएम अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान रोहन की मौत हो गई।
सुगड़ सिंह जाटव ने बताया- बच्चों को रंजिश के चलते कुचला गया है। 25 सितंबर की सुबह छोटा भाई संजय जंगल की तरफ जा रहा था। इस दौरान पंकज के चाचा राजेंद्र सिंह के घर के सामने से गुजरा तो उसे गालियां देने लगा। संजय ने टोका तो पीटने लगा।
राजेंद्र के घर से निकलकर बाकी सदस्य भी आ गए और मारपीट की। उन्होंने धमकी दी थी कि इन्हें ट्रैक्टर से कुचलना पड़ेगा। इसके 4 दिन बाद ही यह घटना हो गई। सुगड़ सिंह जाटव और उसका परिवार खेती करता है। खेती के ऑफ सीजन में मजदूरी करने जाते हैं।
रोहन की मां राधा बोली- बच्चे घर के बाहर थे, आरोपी आया और ट्रैक्टर से कुचल दिया। दरवाजा टूट गया। ट्रैक्टर पंकज चला रहा था। रोहन चौथी क्लास में पढ़ता था। उसका बड़ा भाई कान्हा घायल है। एक छोटी बहन राखी (6) है, जो पहली क्लास में पढ़ती है।
सुगड़ सिंह ने बताया- आरोपी पक्ष 2 साल से रंजिश पाले हुए हैं। पहले हमारे प्लॉट पर आकर झोपड़ी तोड़ दी थी। थाने में शिकायत करने गए, लेकिन हमारा केस दर्ज नहीं किया। इसके बाद 25 सितंबर को भी उसने छोटे भाई संजय की पिटाई कर दी थी। तब धमकी दी थी।