गाजियाबाद।
गाजियाबाद क्राइम ब्रांच ने झारखंड निवासी एक युवक को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से 55 लाख की अफीम बरामद की है। पुलिस के मुताबिक पिछले 1 साल से यह झारखंड से लगातार दिल्ली एनसीआर इलाके में अफीम सप्लाई कर रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी झारखंड से ट्रेन या बस में अफीम लता था। इस ड्रग पेडलर की खास बात यह है कि जब तक यह अपना माल सप्लाई नहीं करता था, तब तक किसी के संपर्क में नहीं रहता था।
गाजियाबाद में क्राइम ब्रांच के एडीसीपी सच्चिदानंद ने बताया कि क्राइम ब्रांच और थाना शालीमार गार्डन पुलिस ने थाना शालीमार गार्डन क्षेत्र से मनीष यादव को गिरफ्तार किया है। मनीष यादव के पास से 2 किलो से अधिक अफीम मिली है। जिसकी कीमत 55 लाख रुपए है। पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि पहले मनीष ड्राइवरी का काम करता था। जिसमें उसे पूरे दिन के महज 350 रुपए मिलते थे। जिसके चलते उसका परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। इसी दौरान मनीष की मुलाकात सकलदेव यादव से हुई जो झारखंड का रहने वाला है। सकलदेव ने मनीष को अफीम सप्लाई का जिम्मा सौंपा। वह एक चक्कर पर 20 हजार रुपए मनीष को दिया करता था। मनीष अब तक बरेली, बदायूं, मुरादाबाद, गाजियाबाद, दिल्ली- एनसीआर, पंजाब और हरियाणा जाकर लगातार अफीम की सप्लाई कर रहा था। मनीष की खास बात यह थी कि जब यह झारखंड से चलता था तो उसके बाद जब तक वो अफीम सप्लाई न कर दे किसी से बात नहीं करता था।