- 12 दिनों तक अलग-अलग समय किया डिजिटल अरेस्ट, मनीलॉड्रिंग का दिखाया डर
नोएडा।
नोएडा में साइबर ठगों ने एक महिला को अपने झांसे में फसाया और उसके साथ 30 लाख रुपए ठगी की। साइबर ठगों ने महिला को करीब 12 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट रखा। वो दिन में दो से तीन बार ही महिला से स्काईप ऐप पर बातचीत करते थे। उसी समय पैसा ट्रांसफर करवाते थे।
साइबर अपराध थाने के प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि घटना सेक्टर 77 की प्रियंका बंसल के साथ हुई है। प्रियंका बसंल ने शिकायत में बताया कि दो सितंबर को एक नंबर से उनके पास फोन आया और फोन करने वाले ने खुद को ट्राई का कर्मचारी बताया। फोन करने वाले ने प्रियंका से कहा कि उनके आधार कार्ड से एक मोबाइल फोन का सिम कार्ड खरीदा गया है, जिसके जरिए मनी लॉड्रिंग किए जाने के मामले सामने आ रहे है। महिला को धमकाते हुए कहा कि इससे करोड़ों रुपयों की हेरा-फेरी हो चुकी है।
थाना प्रभारी के बताया कि इसके बाद उन झूठे ट्राई कर्मचारियों ने वीडियो कॉल किया। इस बार फोन लखनऊ के एक थाने से जोड़ा गया। यह थाना भी फर्जी था, लेकिन महिला इस बात को नहीं समझ पाई और काफी भयभीत हो गई। वीडियो में पुलिस की वर्दी में एक बैठे व्यक्ति बैठा दिखा, उसने कहा कि आपके मामले की जांच सीबीआई की तरफ से की जाएगी। इसके बाद महिला घबरा गई। महिला को वैरिफिकेशन कराने को कहा गया। साथ ही कहा कि आपके पैसों हमारे दिए नंबरों और खातों में ट्रांसफर किए जाए। इसके बाद फर्जी पुलिस अधिकारी ने धमकी देते हुए कहा कि अगर किसी को बताया तो नोएडा पुलिस के माध्यम से आपके बेटे एवं अन्य को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इससे महिला और भी ज्यादा डर गई।
इस तरह ठगों ने लगातार महिला से संपर्क बनाए रखा गया और 12 दिन में 30 लाख रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवाए। इसके बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।