उत्तराखंड।
उत्तराखंड में केदारनाथ से दर्शन कर वापसी लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ सोनप्रयाग में बड़ा हादसा हुआ है। सोमवार देर शाम केदारनाथ के रास्ते लौट रहे छह यात्रियों पर सोनप्रयाग में ऊर्जा निगम के पावर हाउस के पास पहाड़ी से पत्थर गिर गए और वे यात्री मलबे में दब गए। जिस कारण 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इससे मौके पर पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर एसआई आशीष डिमरी के नेतृत्व में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया था। रेस्क्यू के दौरान एक शव बरामद किया गया, जिसकी शिनाख्त गोपाल (50 ) पुत्र भक्तराम, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। आज सुबह भी रेस्क्यू के दौरान टीमों ने मलबे में दफन तीन और शव बरामद किए हैं। इसके अलावा हादसे में तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की भी खबर सामने आई हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सोनप्रयाग बाजार से लगभग एक किमी आगे भूस्खलन जोन में पहाड़ी से पत्थर व मलबा गिरने से वह फंस गए थे। क्षेत्र में अन्य यात्रियों की होने की संभावना को देखते हुए खोजबीन की जा रही थी, जिसमें कल तीन शव बरामद हुए हैं। जीवछ तिवारी पुत्र रामचरित्र, मनप्रीत सिंह पुत्र कश्मीर सिंह और छगन लाल पुत्र भक्तरामन घायल हो गए, जिन्हें सोनप्रयाग पहुंचाया गया।